Bihar STET Result Live Updates : बिहार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा 2019 ( एसटीईटी 2019 ) का रिजल्ट कुछ ही देर में www.bsebstet2019.in और biharboardonline.gov.in पर जारी होने वाला है। शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी सभागार (शिक्षा विभाग, विकास भवन) से आज शाम 4 बजे एसटीईटी 2019 का परिणाम जारी करेंगे। नतीजे आने के बाद प्रदेश के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 37,335 शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसमें 25,270 पद माध्यमिक और 12065 पद उच्चतर माध्यमिक शिक्षकों के लिए है। सात साल बाद एसटीईटी होने के चलते उम्र सीमा में छूट भी दी गई थी।
Bihar STET Result Live Updates : यहां पढ़ें रिजल्ट का लाइव अपडेट
03:35 PM: पटना हाईकोर्ट ने 4 मार्च को बिहार बोर्ड को एसटीईटी का परिणाम घोषित करने आदेश दिया था। इससे सूबे में माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया था। परिणाम घोषित होने के बाद राज्य सरकार नियोजन का शिड्यूल बनाएगी। उसके बाद जिलावार नियोजन प्रक्रिया शुरू होगी। नियोजन इकाइयां रोस्टर और मेधा के अनुसार रिक्त सीटों पर मेरिट सूची बनाएगी।
03:21 PM: डेढ़ साल तक मामला रहा लंबित
माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा 2019 का नोटिफिकेशन सितंबर 2019 में जारी हुआ था। इसकी ऑफलाइन परीक्षा 28 जनवरी 2020 को हुई थी। इस परीक्षा में चार केंद्रों पर आउट ऑफ सिलेबस प्रश्न पूछे जाने पर हंगामा हुआ था। हंगामा करने वाले छात्रों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी थी। इसी बीच अनियमिता पाए जाने पर परीक्षा रद्द कर दी गई। तब बिहार बोर्ड ने सितंबर 2020 में ऑनलाइन परीक्षा ली। इसमें आउट ऑफ सिलेबस का आरोप लगाते हुए कुछ छात्रों ने याचिका दायर कर दी थी। तब हाईकोर्ट ने 26 नवंबर 2020 को रिजल्ट जारी करने पर रोक लगा दी। 4 मार्च को सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने ऑनलाइन परीक्षा को सही करार दिया और रिजल्ट जारी करने का आदेश दिया।
◆ श्री विजय कुमार चौधरी, माननीय मंत्री, शिक्षा विभाग द्वारा आज अपराह्न 4:00 बजे STET, 2019 के परीक्षाफल को जारी किया जाएगा।
◆ इस अवसर पर श्री संजय कुमार, अपर मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग एवं श्री आनन्द किशोर, अध्यक्ष, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति उपस्थित रहेंगे।
— Bihar School Examination Board (@officialbseb) March 12, 2021
03:08 PM: 37 हजार शिक्षकों की होनी है बहाली
इस नोटिफिकेशन के आधार पर माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 37 हजार 335 शिक्षकों की नियुक्ति होनी है। इसमें 25 हजार 270 पद माध्यमिक और 12 हजार 65 पद उच्चतर माध्यमिक शिक्षकों के लिए है। सात साल बाद एसटीईटी हुआ था। जिस कारण उम्रसीमा में छूट दी गई थी।
03:01 PM: आजीवन मान्य होगा Bihar STET का सर्टिफिकेट
बिहार राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करने पर सात साल के बदले जीवन भर उसकी मान्यता रहेगी। केंद्र सरकार के सीटीईटी की तर्ज पर बिहार सरकार इस व्यवस्था को लागू करेगी। राज्य सरकार को केवल केंद्र से विधिवत पत्र या आदेश मिलने का इंतजार है। विधान परिषद में शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने यह जानकारी दी थी
02:45 PM: नियम के मुताबिक उन्हीं अभ्यर्थी का चयन होगा जो बोर्ड की मेधा सूची में शामिल होंगे। मेधा सूची में वही शामिल होंगे जिसने संबंधित विषय की सीट के अनुसार न्यूनतम कटऑफ प्राप्त किये हों। न्यूनतम कटऑफ कोटि के अनुसार बोर्ड द्वारा पहले ही बता दिया गया है। सामान्य श्रेणी के लिए 50 फीसदी, अनूसूचित जाति, अनूसूचित जनजाति, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग के लिए 45 फीसदी अंक लाना अनिवार्य है।
01:46 PM इन विषयों में इतनी सीटें हैं खाली
माध्यमिक (नौंवी और दसवीं)
विषय – सीटों की संख्या
अंग्रेजी – 5054
गणित – 5054
विज्ञान – 5054
सामाजिक विज्ञान – 5054
हिन्दी – तीन हजार
संस्कृत – 1054
उर्दू – एक हजार
उच्च माध्यमिक (11वीं और 12वीं)
विषय – सीटों की संख्या
अंग्रेजी – 2125
गणित – 2104
भौतिकी – 2384
रसायन शास्त्र – 2221
प्राणी शास्त्र – 723
वनस्पति शास्त्र – 835
कंप्यूटर साइंस – 1673